Ramganjmandi में गाय पर कुल्हाड़ी से हमला
रामगंजमंडी में गाय पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। गाय के पैर पर किए गए इस क्रूर हमले के विरोध में सोमवार को स्थानीय लोगों के साथ गोभक्तों और गोरक्षा दल के कार्यकर्ता थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने पकड़े गए आरोपी पर कड़ी कार्रवाई करने और उसे बाजार में जुलूस के रूप में घुमाने की मांग की।घटना रविवार को गायत्री मंदिर के पास, वार्ड नंबर 39 में हुई। जानकारी के अनुसार, एक गाय घर के बाहर खड़ी थी, तभी अचानक उसके कराहने की आवाजें सुनाई दीं। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि गाय के पिछले पैर पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया था, जिससे उसका पैर बुरी तरह कट गया। गंभीर रूप से घायल गाय को तत्काल रामगंजमंडी पशु चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सोमवार सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर ढाई बजे तक बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सूचना मिलने पर डीएसपी घनश्याम मीणा मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया।स्थानीय निवासी विशाल श्रृंगी ने कहा, “गाय हमारी माता है। भगवान श्रीकृष्ण भी गोमाता की सेवा करते थे। इस तरह की घटना बेहद निंदनीय है। प्रशासन को ऐसी सख्त सजा देनी चाहिए कि भविष्य में कोई ऐसा कृत्य करने से पहले कई बार सोचे।”इस मामले में रामगंजमंडी SHO संदीप शर्मा ने बताया कि घटना को लेकर रविवार को ही एफआईआर दर्ज कर ली गई थी और आरोपी को डिटेन कर लिया गया है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।









